नई दिल्ली : मध्य प्रदेश में ट्रेन की जनरल बोगी में यात्रा करते हुए एक शख्स की ठंड लगने से मौत हो गई और ट्रेन में मौजूद यात्रियों को काफी देर तक इसकी भनक तक नहीं लगी। मामला कामायनी एक्सप्रेस का है जिसमें सिंगल विंडो सीट पर बैठकर युवक यात्रा कर रहा था। बैतूल का रहने वाला ये यात्री जनरल बोगी के सिंगल विंडो सीट पर बैठा हुआ था। इसी दौरान ठंड लगने की वजह से युवक की सीट पर बैठे-बैठे मौत हो गई लेकिन पास बैठे यात्रियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। लोगों को लगा कि वो सीट पर बैठे-बैठे सो रहा है। इस दौरान ट्रेन ने करीब 303 किलोमीटर की दूरी तय कर ली और युवक का शव वैसे ही सीट पर पड़ा रहा।

जब ट्रेन इटारसी से दमोह पहुंच गई तो लोगों को कुछ संदेह हुआ क्योंकि युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। लेकिन उसके कान में ईयर फोन लगा हुआ था। युवक के पास जो टिकट मिला है उससे पता चला है कि वो बैतूल तक का था। उसने इटारसी से बैतूल के लिए ट्रेन पकड़ी थी लेकिन घर पहुंचने से पहले ट्रेन में यात्रा करने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच करने के बाद बताया कि मौत ठंड की वजह से अटैक आने के कारण हुई है।

