काबुलः अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत के एक मिडिल स्कूल में धमाका होने से 7 छात्रों की मौत हो गई जबकि 97 लोगों घायल हो गए। इस जोरदार धमाके ने कई परिवारों को दहशत में डाल दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस घर में धमाका हुआ, वहां खनन कार्य में इस्तेमाल होने वाला डायनामाइट रखा गया था। घटना के बाद राहत और जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
कुनार प्रांतीय अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार प्रांतीय राजधानी असदाबाद में शागी मिडिल स्कूल के पास एक घर में हुए विस्फोट के बाद सात लोगों के शव और 97 घायल व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया। वहीं, कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने बताया कि यह विस्फोट सुबह करीब 10 बजे हुआ। प्रांत के सूचना एवं संस्कृति निदेशक मावलावी समी-उल-हक ने बताया कि धमाका एक मिडिल स्कूल के बगल में बने घर में हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों के मुताबिक, जिस घर में विस्फोट हुआ, उसका इस्तेमाल कथित तौर पर खनन कार्य से जुड़े लोग कर रहे थे। समी-उल-हक ने बताया कि वहां डायनामाइट जमा करके रखा गया था। हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ और विस्फोटक में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है। घटना के बाद जांच टीमें मौके पर पहुंचीं और विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुट गईं।
अधिकारियों ने अभी तक नुकसान की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि घर में रखे विस्फोटक किस उद्देश्य से जमा किए गए थे। बता दें कि अफगानिस्तान में स्कूल परिसर पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अगस्त में राजधानी काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था। इस घटना में 40 से अधिक बच्चे घायल हो गए थे। घायल बच्चों की उम्र 9 से 14 साल के बीच थी। उस घटना ने भी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा की थी।

