बिजनौरः उत्तर प्रदेश में बिजनौर के बास्टा क्षेत्र में ज्वैलर्स की दुकान पर चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, बुर्का पहनकर पहुंचीं 2 महिलाओं द्वारा दुकानदार को लाखों की चपत लगा दी गई। दरअसल, जेवर खरीदने के बहाने दुकान से 50 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी किए गए सोने की कीमत दुकानदार ने करीब 8 लाख रुपये बताई है। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। दरअसल, बुर्का पहनकर पहुंचीं दो महिलाओं ने बिछुए और सोने की लौंग देखने के बहाने कथित तौर पर जेवर अपने मुंह में छिपा लिए।
इसके बाद मौका मिलते ही आभूषण कपड़ों में छिपाकर फरार हो गईं। दुकानदार दिनेश वर्मा पुत्र रामेश्वर वर्मा के मुताबिक दोनों महिलाएं दुकान पर जेवर खरीदने के लिए पहुंची थीं। उन्होंने बिछुए और सोने की लौंग दिखाने के लिए कहा। जेवर देखने के दौरान दोनों ने एक-एक कर कुछ आभूषण मुंह में छिपा लिए। दुकानदार ने कहा कि महिलाएं कुछ देर तक इसी तरह जेवर देखने और उन्हें ट्राई करने का बहाना करती रहीं। इसके बाद बिना खरीदारी किए दोनों दुकान से निकल गईं। सीसीटीवी फुटेज में महिलाएं जेवर देखने के दौरान आभूषण मुंह में रखते हुए दिखाई दे रही हैं। इसके बाद मौका मिलते ही इन्हें कपड़ों में छिपाते हुए नजर आती हैं। दुकानदार के मुताबिक दोनों महिलाएं 50 ग्राम से अधिक सोने के जेवर लेकर फरार हुईं।
चोरी गए जेवरों की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। घटना का पता चलने के बाद दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें महिलाओं की करतूत सामने आई। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।मामले में पुलिस ने दुकानदार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ-साथ महिलाओं की पहचान और उनके दुकान से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। चांदपुर क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान की जा रही है।