ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय, ऊना के डिजास्टर मैनेजमेंट क्लब द्वारा “समर्थ 2025” एवं अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (IDDRR) के अंतर्गत 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक समग्र जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन, जोखिम न्यूनीकरण एवं तत्परता के प्रति जागरूकता फैलाना था।
अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर 2025 को चित्रकला, पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं से हुई। निर्णायक के रूप में डा. रुचि शर्मा, डा. श्वेता शर्मा, प्रो. संजय शर्मा एवं प्रो. निकिता शर्मा उपस्थित रहे। विजेताओं में चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में खुशबू (प्रथम), सिमरन देवी (द्वितीय), निखिल भर्मौरिया (तृतीय) तथा राजन व सानिया को प्रोत्साहन पुरस्कार मिला। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में सिमरन देवी (प्रथम), कोमल देवी (द्वितीय) एवं काजल मान (तृतीय) रहीं।
11 अक्टूबर 2025 को आयोजित क्विज प्रतियोगिता में 7 टीमों ने भाग लिया। प्रो. संजय शर्मा एवं डा. मोनिका खन्ना ने प्रेक्षक के रूप में आयोजन का संचालन किया। टीम किवानो कैट्ज़ प्रथम, टीम कोकोनट कोलवेल द्वितीय एवं टीम मैंगो मू तृतीय स्थान पर रही। 13 अक्टूबर 2025 को लैंडस्लाइड, भूकंप एवं बाढ़ विषय पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसका पर्यवेक्षण प्रो. राकेश कुमार ने किया। इसमें विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार और बचाव तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
अभियान का समापन 15 अक्टूबर 2025 को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसके मुख्य अतिथि प्रो. पुनीत प्रेम कंवर, कार्यवाहक प्राचार्य रहे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि “आपदा प्रबंधन केवल प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि तत्परता और सामूहिक जिम्मेदारी की संस्कृति विकसित करने की प्रक्रिया है।” प्रो. करण कुमार, कन्वीनर, डिज़ास्टर मैनेजमेंट क्लब, ने सभी निर्णायकों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया एवं कार्यक्रम की सफलता पर सभी को बधाई दी।
