चतराः जिले के चतरा-हजारीबाग मार्ग स्थित संघरी घाटी में 2 ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर का मामला सामने आया है। इस दुर्घटना में चालक बैजू कुमार और परिचालक सचिन कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी मुताबिक, दोनों ट्रक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से लोहा लादकर बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश के बलिया की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाटी से नीचे उतरते समय पीछे चल रहे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि आगे चल रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद केबिन में फंसे चालक और परिचालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशलपुर गांव निवासी चालक बैजू कुमार और पौनी गांव निवासी खलासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।

