गुरुग्रामः सेक्टर 93 चौकी क्षेत्र में ऐलान मॉल के पास पटौदी रोड पर रविवार अल सुबह एक सड़क हादसा पेश आया है। जिसमें दो लोगों की मौत और तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक के साथ फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कार यू-टर्न ले रही थी कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार ने कई बार पलटी खाई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि तीन घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रोहतक के लाखन माजरा क्षेत्र के खरैटी गांव निवासी (24) राहुल गिल अपने ममेरे भाई सोनीपत के शेखपुरा निवासी (25) उमंग और तीन अन्य दोस्तों के साथ में शनिवार को काम की तलाश में गुरुग्राम आए थे।
रात को जब वापिस घर जाने के लिए निकले तो ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। वहीं अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को इसकी सूचना दी और सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने राहुल गिल और उमंग को मृत घोषित कर दिया। इनके दोस्त राहुल खत्री की हालत गंभीर है। वहीं दो अन्य दोस्तों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
सेक्टर 93 पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना पुलिस ने कहा कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही ट्रक की पहचान कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


