नई दिल्लीः सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार, 6 जुलाई 2026 को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त और फ्लैट देखने को मिली.शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 157 अंक यानी 0.20% की बढ़त के साथ 77,921.41 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 24 अंक (0.10%) की मामूली बढ़त लेकर 24,294.95 के स्तर पर खुला। बाजार की फ्लैट ओपनिंग के बाद निचले स्तरों पर आई खरीदारी ने कुछ ही मिनटों में कमाल कर दिया। सुबह 9:23 बजे तक दोनों प्रमुख इंडेक्स ने अपनी सुस्ती तोड़ दी और बाजार में अच्छी तेजी दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 272 अंक यानी 0.35% की छलांग लगाकर 78,036.83 के स्तर पर पहुंच गया।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 76 अंकों (0.31%) की मजबूत बढ़त के साथ 24,347.10 के पार निकल गया। बाजार में आई इस तेजी को सबसे ज्यादा सपोर्ट डिफेंस और बैंकिंग सेक्टर से मिल रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, निफ्टी डिफेंस इंडेक्स में 1.04% की शानदार बढ़त दर्ज की गई है, जबकि निफ्टी बैंक 0.60% और निफ्टी मेटल 0.50% की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज, रियल्टी, ऑटो और एनर्जी सेक्टर के शेयर भी हरे निशान में हैं।
दूसरी ओर, आज आईटी (IT) और मीडिया शेयरों पर दबाव दिख रहा है। निफ्टी आईटी में 0.51% और निफ्टी मीडिया में 0.40% की गिरावट आई है, जबकि ऑयल एंड गैस सेक्टर भी 0.18% नीचे लुढ़क गया है। सेंसेक्स के कई बड़े शेयरों में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। बीईएल, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एसबीआई, ट्रेंट, सन फार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर टॉप गेनर्स में शामिल रहे।
वहीं, बाजार में बढ़त के बावजूद कुछ दिग्गज शेयरों में मुनाफावसूली और बिकवाली का दबाव देखने को मिला। कोटक महिंद्रा बैंक, टीसीएस, और इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, आईटीसी, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, एलएंडटी, एनटीपीसी और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट आई. जिससे ये सभी टॉप लूजर्स में शामिल थे।


