नई दिल्लीः सरकार ने इंस्टाग्राम पर पेड विज्ञापनों में बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़े कंटेंट को लेकर संख्त संज्ञान लिया है। जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने इस मामले में मेटा को एक नोटिस जारी किया है।
इंस्टाग्राम पर पेड विज्ञापनों का इस्तेमाल कथित तौर पर यूजर्स को बाहरी प्लेटफॉर्म पर भेजने के लिए किया जा रहा था, जहां बच्चों के यौन शोषण से जुड़ा गैर-कानूनी कंटेंट मौजूद था। सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है, खासकर उन आरोपों को कि प्लेटफॉर्म एल्गोरिदम के जरिए यौन रूप से स्पष्ट कंटेंट को बढ़ावा दे रहा था।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंस्टाग्राम को पोर्नोग्राफी विज्ञापनों को बढ़ावा देने या उस तक पहुंच आसान बनाने वाले सभी विज्ञापनों और कंटेंट को हटाने और तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया है। सूत्रों के अनुसार सरकार ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है।
सरकार ने मेटा को ऐसे कंटेंट के प्रमोशन और प्रसार को रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। ये नोटिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच आया है, जिनका इस्तेमाल बच्चों के यौन शोषण से जुड़े गैर-कानूनी कंटेंट तक पहुंचने और उसे फैलाने के लिए किया जा रहा है।

