देवासः जिले के चौबाराधारा में बेरखेड़ी फाटे के पास भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है जहां, प्याज से भरा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि 2 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक में मजदूर प्याज की बोरियों के साथ पीछे बैठे हुए थे। इस दौरान जब वह चौबाराधारा में बेरखेड़ी फाटे के पास पहुंचे तो मिनी ट्रक यू-टर्न पर अनियंत्रित हो गया और असंतुलित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही मजदूर बोरियों के नीचे दब गए। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीपलरावा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां 3 मजदूरों को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस ने रात भर रेस्क्यू अभियान चलाकर ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

