फिरोजाबादः लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब 2 बजे डंपर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। इस दौरान सवारियों से भरी वॉल्वो बस की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में बस को आग लग गई। इस घटना में ड्राइवर की मौत हो गई। ड्राइवर की पहचान शंभू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मटसेना थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 46 किलोमीटर पर कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक स्लीपर बस ने आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और उसमें पलक झपकते ही भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन फिरोजाबाद से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
बस में आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में एक की मौत हुई है, वहीं 20 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर एसपी सिटी, एसडीएम शिकोहाबाद एवं स्थानीय पुलिस बल भी पहुंच गया। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
आग बुझने के बाद बस का निरीक्षण किया गया, जिसमें पता चला कि बस चालक शंभू कुमार स्टेयरिंग में फंस गया था और आग की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घायल महिला यात्री उषा ने बताया कि बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी। रोड पर डंपर पलट गया था. हमारी बस उसी में टकरा गई। बस में 40 से 45 लोग सवार थे। बस प्राइवेट थी, हमें शीशा तोड़ कर पीछे से निकाला गया। बस पर सफर करने वाले यात्री सत्य बिश्नोई कहते हैं, “हम सो रहे थे. लोगों ने हिलाया कि बस में आग लग रही है। हमने देखा कि पहले बस लहराई और उसके बाद डिवाइडर से टकरा गई। सबको नीचे उतारा, बस में आग लग गई।”
