संबलपुर: ओडिशा में बुधवार की देर रात एक बार फिर एक ट्रेन हादसा होने का मामला सामने आया। झारसुगुड़ा से संबलपुर की ओर आ रही मेमू ट्रेन संख्या 08169 का एक डिब्बा बेपटरी हो गया। इस हादसे में किसी के हताहत या बड़ी नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इस हादसे के बाद एक ट्रेन लाईन पर यातायात ब्लॉक हो गया है। इस हादसे के दौरान ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पूर्वी तट रेलवे (ईसीओआर) ने कहा कि ओडिशा के संबलपुर जिले में एक भैंस से टकराने के बाद एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई।
हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित हैं। ईसीओआर ने एक बयान में कहा कि सरला-संबलपुर खंड पर अचानक एक भैंस के रेलवे ट्रैक पर आ जाने से झारसुगुड़ा-संबलपुर पैसेंजर विशेष ट्रेन के एक कोच के चार पहिए पटरी से उतर गये। हादसे में भैंस की मौत हो गई। इस हादसे की खबर लगते ही संबलपुर मंडल रेल प्रबंधक विनीत सिंह समेत अन्य विभागीय अधिकारी रिलीफ ट्रेन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि इस हादसे से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और अगले दो घंटे के दौरान रेल यातायात स्वाभाविक हो जाएगी। बता दें कि इससे पहले बालेश्वर में हुए भीषण रेल दुर्घटना में 288 की जान चली गई थी और 1100 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
