रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नवीन सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी औरिंग, 30 वर्षीय अमित सिंह पुत्र आनंद सिंह निवासी सुरसाल तथा 28 वर्षीय अंशुल पुत्र धनपाल निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। तीनों युवक जिगरी दोस्त थे। दरअसल, तीनों युवक देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जिसमें उनकी लोकेशन भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो सड़क पर कोई नहीं दिखा। आसपास तलाश करने पर नीचे झाड़ियों में घसीटने के निशान नजर आए।
नीचे जाकर देखा तो खाई में गिरी कार दिखाई दी। इसके बाद तुरंत ऊखीमठ कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कार गहरी खाई में गिरी मिली। रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मिली जानकारी के अनुसार भीरी–ककोला मोटर मार्ग पर कार (UK 13 TA 1991) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी बीते दिन शाम 4 बजे यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया।
अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के बावजूद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे का शव बाहर निकाला। ऐसे में 12 घंटे से अधिक समय तक शव झाड़ियों में पड़े रहे। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खाई में गिरी हुई है। वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो चुकी थी।
एसडीआरएफ टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए शवों को बाहर निकालना शुरू किया। अब तक एक शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर SDRF के साथ समन्वय बनाते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और प्रशासन द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
