चंडीगढ़ः पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ऐसे में छात्र की मौत के बाद हॉस्टल की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए। यूनिवर्सिटी के हॉस्टल नंबर-5 में 19 वर्षीय BTech छात्र की मौत हुई है। छात्र की पहचान जम्मू-कश्मीर निवासी आर्यन के रूप में हुई है। वह यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) विभाग में BTech प्रथम वर्ष का छात्र था। उसका शव हॉस्टल के कमरा नंबर-227 में मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, छात्र ने आत्महत्या की है। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय आर्यन के कमरे में उसके दोस्त मौजूद नहीं थे। सबसे पहले उसके रूममेट ने उसे कमरे में बेसुध हालत में देखा। इसके बाद उसने तुरंत पीयू प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आर्यन किन परिस्थितियों से गुजर रहा था और उसकी मौत के पीछे क्या कारण रहे।
फिलहाल मौके से मिले तथ्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पंजाब यूनिवर्सिटी में इससे पहले भी एक छात्रा की अचानक मौत का मामला सामने आया था। मंगलवार सुबह PhD स्कॉलर 28 वर्षीय ज्योति की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह हरियाणा के महेंद्रगढ़ की रहने वाली थी और गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के समय वह हॉस्टल से अपने विभाग की ओर जा रही थी। इसी दौरान कच्चे रास्ते पर अचानक नीचे गिर गई। उसे गिरता देखकर वहां मौजूद अन्य विद्यार्थी मदद के लिए दौड़े और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया गया था कि अगले महीने ज्योति की शादी होने वाली थी। अब हॉस्टल में BTech छात्र की मौत की घटना सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी में लगातार दो छात्रों की मौत के मामले चर्चा में हैं।

