ऩई दिल्ली: छोटी से छोटी खरीददारी के लिए लोग इन दिनों यूपीआई पेमेंट का इस्तेमाल करते हैं। कई बार 50 रुपये की चाय तो कभी 200 रुपये का भुगतान करने के लिए ज्यादातर लोग फोन से ही पेमेंट कर देते हैं। पेमेंट होने के बाद बैंक की ओर से आना वाला SMS भी यह बता देता है कि पैसे कटे है या फिर नहीं परंतु अब नए साल से HDFC बैंक के ग्राहकों को यूपीआई पेमेंट पर ये SMS अलर्ट नहीं मिलेगा।
HDFC बैंक ने अपने ग्राहकों को एक नोटिफिकेशन भेज दिया है। इसमें बताया गया है कि 1 जनवरी 2027 से 500 रुपये तक के यूपीआई ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट आना बंद हो जाएगा। ऐसे में यदि आप 100, 200 या पूरे 500 रुपये का यूपीआई पेमेंट करेंगे तो बैंक की ओर से फोन पर कोई मैसेज नहीं आएगा।
RBI ने बनाए नए नियम
आरबीआई ने इलेक्ट्रोनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन को लेकर नए नियम जारी किए हैं। ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू हो जाएंगे। इस नियम के अनुसार, 500 रुपये से ज्यादा इलेक्ट्रोनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर बैंकों को तुरंत SMS अलर्ट भेजना जरुरी हो जाएगा। इसके अलावा 500 रुपये तक के लेनदेन पर SMS भेजना बैंक की अपनी पॉलिसी के हिसाब से होगा। इसका अर्थ है कि बैंक चाहे तो SMS भेज सकते हैं और अगर नहीं चाहें तो मैसेज भेजना बंद भी कर सकते हैं। बस यदि अब बैंक 500 रुपये से कम के ट्रांजैक्शन पर sms भेजेंगे तो इसके लिए अब ग्राहक को कोई भी चार्ज नहीं देना पड़ेगा। वैसे RBI का ये नियम सिर्फ यूपीआई के लिए नहीं होगा बल्कि इलेक्ट्रोनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन पर भी लागू होगा।
यूपीआई पेमेंट पर नहीं आएगा SMS का अलर्ट
HDFC बैंक के नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 जनवरी से 500 रुपये तक के यूपीआई पेमेंट पर SMS अलर्ट नहीं आएगा परंतु बैंक सभी UPI ट्रांजैक्शन के ईमेल अलर्ट भेज देगा। ऐसे में मैसेज बंद हो जाएंगे परंतु फिर भी आपको ईमेल जरुर मिलेगा। इसके अलावा बैंक अपनी पॉलिसी के हिसाब से ऐप नोटिफिकेशन और पुश नोटिफिकेशन जैसे दूसरे अलर्ट मैसेज भी भेजेगा।

