शिमलाः देशभर में दिवाली के अगले दिन कहीं भाई दूज की तैयारियां होती हैं, तो कहीं लोग त्योहार की खुशियां मनाते हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 26 किलोमीटर दूर एक ऐसा गांव धामी है, जहां दिवाली के अगले दिन खुशियों के बीच पत्थरों की बरसात होती है। यहां 2 खूंदों यानी योद्धाओं की टोली के लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हैं और इस दौरान किसी के शरीर से खून निकलना हार या चोट नहीं, बल्कि सौभाग्य और मां भद्रकाली का आशीर्वाद माना जाता है। जानकारी के अनुसार, शिमला के धामी के हलोग गांव की, जहां सदियों पुरानी पत्थर मेले की परंपरा इस बार भी पूरे उत्साह के साथ निभाई गई।
इस बार करीब 18 मिनट तक दोनों खूंदों के बीच पत्थरबाजी होती रही। जैसे ही जमोगी खूंद के 30 वर्षीय महेश वर्मा को पत्थर लगा और उनके शरीर से रक्त निकला, वैसे ही पत्थरबाजी रोक दी गई। इसके बाद महेश के रक्त से मां भद्रकाली का रक्ततिलक किया गया। नौं नवंबर को हलोग गांव में पत्थर मेले की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। सबसे पहले धामी राजपरिवार की ओर से ग्राम देवता देव कुर्गुण की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान नरसिंह की पूजा की गई. तमाम धार्मिक रस्में पूरी होने के बाद धामी राजपरिवार के प्रमुख जगदीप सिंह ने पहला पत्थर फेंककर मेले का आगाज किया। दोपहर 3 बजकर 36 मिनट पर शुरू हुई पत्थरबाजी में देखते ही देखते दोनों ओर से पत्थरों की बरसात होने लगी।
करीब 18 मिनट तक यह सिलसिला जारी रहा। मैदान में मौजूद लोग इस ऐतिहासिक परंपरा के गवाह बने। आखिरकार दोपहर 3 बजकर 54 मिनट पर जमोगी खूंद के महेश वर्मा को पत्थर लगने से खून निकल आया। रक्त निकलते ही पत्थरबाजी रोक दी गई। इस बार मां भद्रकाली के रक्ततिलक के लिए महेश वर्मा का रक्त निकला। महेश शिमला नगर निगम में जल शक्ति विभाग में की-मैन के पद पर तैनात हैं और गोरी गांव के निवासी हैं। खास बात यह रही कि पत्थर लगने से घायल होने के बावजूद महेश के चेहरे पर मायूसी की जगह खुशी नजर आई।
दरअसल, हलोग के पत्थर मेले में किसी व्यक्ति के शरीर से रक्त निकलना मां भद्रकाली का आशीर्वाद माना जाता है। यही वजह है कि इस परंपरा में चोट लगने के बावजूद संबंधित व्यक्ति खुद को सौभाग्यशाली समझता है। महेश को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में अस्पताल भेजा गया। धामी के पत्थर मेले के पीछे एक बेहद रोचक और ऐतिहासिक मान्यता जुड़ी हुई है। धामी राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह ने मेले के आयोजन, परंपरा और कथा के बारे में बताया। जगदीप सिंह के अनुसार पुराने समय में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए नरबलि देने की प्रथा प्रचलित थी।
धामी रियासत की एक रानी ने इस अमानवीय परंपरा का विरोध किया और नरबलि के स्थान पर पत्थरबाजी के दौरान निकलने वाले रक्त से देवी का तिलक करने की परंपरा शुरू करवाई। किसी व्यक्ति के पत्थर लगने पर खून निकलते ही ये खेल तुरंत बंद हो जाता है। आज तक जिस भी व्यक्ति के खून लगा है उसने कभी दर्द या किसी चोट का जिक्र नहीं किया है, बल्कि वह खून निकलने पर खुद को बहुत भाग्यशाली मानता है। इस मेले के दौरान पत्थरबाजी के समय किसी से दुश्मनी निकालना नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही परंपरा को जीवित रखना है। इस आयोजन में हिस्सा लेने वाले लोग इसे आपसी वैरभाव के बजाय खेल भावना से निभाते हैं।
