लुधियानाः ANTF ने गुप्त सूचना के आधार पर खास नाकाबंदी के दौरान एक्टिवा सवार एक नशा तस्कर को 500 ग्राम हेरोइन और 100 ग्राम आइस ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते सब इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक ड्रग तस्कर ड्रग की खेप पहुंचाने के लिए ग्यासपुरा रोड की तरफ आ रहा है। सूचना पक्की होने के बाद एक खास नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस को एक्टिवा सवार एक युवक आता दिखा जो पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। मौके पर पुलिस ने उसे काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से आधा किलो हेरोइन और 100 ग्राम आइस ड्रग्स बरामद की गई जिसकी मार्कीट में करोड़ों की कीमत है। आरोपी की पहचान लुधियाना के हरगोबिंद पुरा निवासी हैरी वर्मा के रूप में हुई है।
सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करता था और काम न मिलने के कारण वह ड्रग तस्करी के गैर-कानूनी धंधे में शामिल हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी करीब दो साल से ड्रग्स का धंधा कर रहा था। आरोपी को माननीय कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है और पूछताछ में आरोपी से कई और खुलासे होने की उम्मीद है।

