पंचकूलाः पुलिस के द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्राइम ब्रांच 26 की टीम ने नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत आरोपी को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंश ग्रोवर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पानीपत के रहने वाले एक व्यक्ति वंश ग्रोवर को गिरफ्तार किया है जो हाल ही में जीरकपुर रह रहा है और वह पंचकूला के बरवाला में हेरोइन सप्लाई करने के लिए आया था। आरोपी के कब्जे से 321 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद की गई हेरोइन की बाजार में कीमत 70 लाख रुपए है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। कोर्ट से आरोपी का रिमांड हासिल करने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी कि वह किसको सप्लाई करने जा रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल है, इस नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन लेकर आता था और हरियाणा में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी जल्द अमीर बनने की चाहत में नशे की सप्लाई के धंधे में लग गया और ट्राइसिटी में हेरोइन की सप्लाई करता था।
