पंचकूलाः ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना और सड़कों पर रसूख दिखाने वाले चालकों के खिलाफ पंचकूला पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सायरन और लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रहे एक बिल्डर की लग्जरी इनोवा हाईक्रॉस कार को भारी-भरकम जुर्माने के साथ सीज कर दिया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक पुलिस की एक टीम सेक्टर-9 में गश्त पर तैनात थी, जिसकी अगुवाई एएसआई मनोज कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक इनोवा कार से तेज सायरन की आवाज सुनाई दी। शक होने पर जब पुलिस टीम ने कार को रुकवाकर जांच की, तो उसमें अवैध रूप से रेड-ब्लू लाइट भी लगी पाई गई।
जब चालक से गाड़ी के कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ करने पर चालक ने खुद को एक बिल्डर बताया और कबूल किया कि उसने सिर्फ अपने रसूख और शौक के लिए गाड़ी पर यह हुटर और बत्तियां लगा रखी थीं। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर एक और खुलासा हुआ कि इस युवक के खिलाफ पहले से ही चंडीगढ़ और पंचकूला में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के करीब 20 चालान पेंडिंग चल रहे थे। पंचकूला पुलिस ने बिना कोई ढील दिए तुरंत सख्त एक्शन लिया और चालक का 33,000 रुपये का चालान काटकर गाड़ी को मौके पर ही इंपाउंड कर लिया। इस वाहन को कार्रवाई के लिए सेक्टर-5 थाना में खड़ा करवाया गया है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने इस मामलें पर सख्त रुख अपनाते हुए अन्य वाहन चालकों को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी, अवैध हुटर या अनाधिकृत बत्तियों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बत्तियां और सायरन केवल आपातकालीन सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस) इत्यादि के लिए हैं, ताकि वे संकट के समय बिना किसी रुकावट के लोगों की जान बचा सकें।
आम नागरिकों द्वारा अपने रसूख या शौक के लिए इनका इस्तेमाल करना पूरी तरह गैर-कानूनी है। कानून सबके लिए बराबर है, चाहे कोई खुद को कितना ही रसूखदार क्यों न समझता हो। सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति खुद को कानून से ऊपर समझकर नियमों का उल्लंघन करेगा, तो पंचकूला पुलिस उसके खिलाफ इसी तरह का कड़ा और दंडात्मक एक्शन जारी रखेगी। अभिभावकों और युवाओं से भी अपील है कि वे ट्रैफिक नियमों का सम्मान करें और ऐसे गैर-कानूनी शौक से दूर रहें जो भारी जुर्माने की वजह बन सकते हैं।

