शिमला: हिमाचल प्रदेश में खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों से धान खरीदने के लिए ऑनलाईन पोर्टल को पंजीकरण के लिए 15 सितम्बर, 2026 से खोल दिया गया है। किसान अपने धान की फसल बेचने के लिए ऑनलाइन पोर्टल एचपी एपीपी पर पंजीकरण करके अपनी सुविधानुसार टोकन बुक कर सकते हैं। निदेशक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कुमुद सिंह ने आज यहां बताया कि प्रदेश में धान की खरीद 3 अक्तूबर, 2026 से शुरू होगी तथा 15 दिसम्बर, 2026 तक किसानों से खरीदा जाएगा, जिसके लिए 11 खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं। धान की खरीद चार सीमान्त जिलों कांगड़ा, सोलन, ऊना एवं सिरमौर में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए भारत सरकार द्वारा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है जो पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये अधिक है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि अपनी धान की फसल को उक्त चार जिलों में स्थापित 11 खरीद केन्द्रों में जाकर बेचें तथा भारत सरकार द्वारा दिए जा रहे न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से भी आग्रह किया है कि वे उक्त समर्थन मूल्य की जानकारी किसानों तक पहुंचाए तथा उन्हें उनकी फसल सरकार को बेचने के लिए प्रेरित करें।