लुधियानाः जिले में कुछ दिन पहले हुई पंजाबी सिंगर इंदर कौर की मौत के बाद आज उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था और वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। हर तरफ शोक और मायूसी का माहौल देखने को मिला।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि इंदर कौर को दो गोलियां लगी थीं। एक गोली उनकी छाती के दाहिनी ओर से आर-पार हुई, जबकि दूसरी गोली उनके माथे में फंसी मिली। मौत के सही कारणों और घटनाक्रम की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इंदर कौर का पोस्टमॉर्टम लुधियाना में डॉक्टरों के विशेष बोर्ड की निगरानी में किया गया। इस मेडिकल बोर्ड में फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. करन, डॉ. विशाल चोपड़ा और डॉ. मनदीप शामिल थे। डॉक्टरों ने विस्तृत जांच के बाद अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है।
पोस्टमॉर्टम के बाद इंदर कौर का अंतिम संस्कार लुधियाना में किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य अपने आंसू नहीं रोक सके। उनकी नानी अंतिम संस्कार के दौरान बेहोश हो गईं, जबकि अन्य परिजन भी फूट-फूटकर रोते नजर आए। इंदर कौर की असमय मौत से परिवार, रिश्तेदारों और उनके चाहने वालों में गहरा दुख है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
