लुधियानाः जिले के जवाहर कैंप इलाके में शाम करीब 4 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ नकाबपोश बदमाशों ने एक कपड़ा व्यापारी और कांग्रेसी यूथ नेता अरुण की दुकान पर हमला कर दिया। बदमाशों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद एक कर्मचारी को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द इंसाफ की मांग की है।
घटना के समय दुकान पर मौजूद नहीं था मालिक
दुकान मालिक अरुण ने बताया कि घटना के वक्त वह अपनी दुकान “द डेनिम क्लब” पर मौजूद नहीं थे। उन्हें फोन पर सूचना मिली कि कुछ बदमाशों ने उनकी दुकान पर हमला कर दिया है और दुकान के अंदर तोड़फोड़ की गई है। अरुण के मुताबिक उनकी दुकान पर लव सोंधी नाम का युवक काम करता है, जो पंजाब पुलिस में भर्ती की तैयारी भी कर रहा है। बदमाशों ने उसी युवक को निशाना बनाकर उसके साथ मारपीट की।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि करीब 5 नकाबपोश युवक मुंह ढककर हथियारों के साथ दुकान के अंदर घुसते हैं। उस समय दुकान में दो लोग मौजूद थे। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने लव सोंधी पर हमला कर दिया। उन्होंने हथियारों के अलावा दुकान में रखी टेबल और कुर्सियों का इस्तेमाल करते हुए युवक को बुरी तरह पीटा। हमले के दौरान दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक्टिवा पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार इस हमले की वजह सुबह हुआ एक छोटा सा विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर एक्टिवा खड़ी करने को लेकर किसी युवक के साथ कहासुनी हुई थी। उस युवक के साथ एक लड़की भी मौजूद थी। विवाद के बाद युवक धमकी देकर वहां से चला गया था। अब शक जताया जा रहा है कि उसी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाम को इस हमले को अंजाम दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
इसके अलावा घायल युवक के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
