लुधियानाः शहर में क्राइम की बढ़ रही वारदातों के चलते लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। हालात यह हो गए है कि दिन हो रात चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही है। वहीं ताजा मामला बहादुर.के रोड़ से सामने आया है। जहां देर रात बेखौफ लुटेरों ने एक डाक्टर को अपना शिकार बनाया। दरअसल, बहादुर. के रोड पर एक डॉक्टर की दुकान पर 2 नकाबपोश लुटेरों ने तेजधार हथियारों के बल पर 45 हजार रूपए की नगदी छीन ली। उक्त लुटेरे घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टर अपने क्लीनिक पर अपने साथी के साथ बैठा था। तभी 2 नकाबपोश लुटेरे क्लीनिक के अंदर दाखिल हुए, अंदर आते ही लुटेरों ने केबिन का दरवाजा बंद करके तेजधार हथियारों की बल पर डॉक्टर रसिक के गले में पड़ी नगदी निकाल ली और पर्स में पड़े पैसे भी निकाल लिए।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं दूसरी ओर थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जांच अधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि क्लीनिक में लगे कैमरे खराब है फिर भी पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डॉक्टर रसिक के मुताबिक बदमाश जाते हुए उसे जान से मारने की धमकी देते हुए केबिन की बाहर से कुंडी लगाकर गए। उन्होंने पास के ही एक मेडिकल स्टोर मालिक को फोन कर घटना के बारे में बताया। मेडिकल संचालक के आने से पहले ही एक ग्राहक ने उनके केबिन की कुंडी खोल दी। वारदात के तुरंत बाद उन्होंने थाना बस्ती जोधेवाल में सूचित किया। करीब 10 मिनट बाद ही पुलिस क्लिनिक पहुंच गई।
