अमृतसरः तार पुल के पास दरगाह पर माथा टेकने आए दो युवकों पर फायरिंग का मामला सामने आया है। दोनों युवक कोटली सेखां गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस घटना के दौरान दोनों युवक घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह मामला किसी गैंगवार से नहीं बल्कि पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है।
जानकारी के अनुसार कोटली सेखां निवासी शरणजीत सिंह और आकाशदीप सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमृतसर में तार पुल के पास स्थित बाबा जी की मजार पर माथा टेकने आए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद छह लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद उक्त लोगों ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें दोनों युवक घायल हो गये। घायल युवक ने बताया कि हमलावरों ने पहले मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि उनके कंधे पर गोली लगी है। युवाओं ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ न्याय के लिए है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसीपी रविंदरपाल सिंह और पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी। एसीपी रविंदरपाल सिंह के मुताबिक दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और उनके बीच तीन-चार साल पहले भी विवाद हो चुका है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
