मोगाः जिले के कोटकपूरा बाईपास पर सुबह भीषण हादसा हो गया। दरअसल, मोटरसाइकिल पर सवार दंपति किसी काम को लेकर चंद नवां से मोगा आ रहे थे। इस दौरान रास्ते में मेन हॉल के ढक्कन का स्तर ठीक ना होने के कारण उनकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में महिला समेत 6 माह का बच्चा नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां बच्चे को मृत घोषित करते हुए महिला को दूसरे असप्ताल में रेफर कर दिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए गांव चंद नवां के रहने वाले लखबीर सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति और बच्चे के साथ किसी काम के लिए मोगा को आ रहा था जब वह विश्वकर्मा चौक के निकट पहुंचा तो सड़क पर सीवरेज के मेन हॉल के ढक्कन का स्तर ठीक नहीं था।
जिसके कारण उसकी मोटरसाइकिल से संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल से उछलने के कारण उसकी पत्नी ज्योति और 6 महीने का बच्चा मनवीर सिंह सड़क पर गिर गए और गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से पत्नी और बच्चे को इलाज के लिए मोगा के सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने बच्चे को मृत घोषित करते हुए महिला को रेफर करते हुए मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बाइक सवार व्यक्ति के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
