चंडीगढ़ः लोगों को एक बार फिर से महंगाई का झटका लगा है। दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने पंजाब व हरियाणा के 8 टोल प्लाजा पर टोल टैक्स में बढ़ौतरी की है। एनएचएआइ की ओर से टोल पर 5 से 10 रुपये की वृद्धि की है। पंजाब में चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट, बठिंडा, अबोहर, मौड़ और संगरूर मार्गों से सफर करने वाले वाहन चालकों को अब निजी कार व हल्के मोटर वाहनों पर पांच से दस रुपये तक अधिक टोल देना होगा। नई दरें लागू कर दी गई है। चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर घुलाल टोल प्लाजा पर कार व हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 115 रुपये तथा दोतरफा 170 रुपये लगेगा। बस का 390 व ट्रक के लिए 580 रुपये रहेगा।
अमृतसर-तरनतारन-हरिके-फरीदकोट-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर कोट करोर टोल प्लाजा पर कार व हल्के वाहनों का एक तरफ शुल्क 50 तथा दोतरफा 70 रुपये लगेगा। बस व ट्रक को 165 और 250 रुपये देने होंगे। काला टिब्बा टोल प्लाजा पर कार व हल्के वाहनों के लिए 50 व 80 रुपये रहेगा। बस व ट्रक के लिए 175 तथा 265 रुपये होगा। शेखूपुरा टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 55 तथा दोतरफा 85 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक के लिए क्रमशः 185 और 280 रुपये देने होंगे। लहराबेगा टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 80 तथा दोतरफा 120 रुपये लगेगा। बस और ट्रक के लिए शुल्क 270 रुपये और 400 रुपये रहेगा।
खुइयां सरवर टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 105 व दोतरफा 155 रुपये होगा। बस और ट्रक के लिए 350 व 520 रुपये देने होंगे। कालाझार टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 115 व दोतरफा 175 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक के लिए 390 तथा 585 रुपये लगेंगे। पाइंड टोल प्लाजा पर कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ का शुल्क 95 रुपये तथा दोतरफा 145 रुपये निर्धारित किया गया है। बस और ट्रक के लिए यह शुल्क क्रमशः 325 रुपये और 485 रुपये होगा। एनएचएआइ के अधिकारियों के अनुसार टोल टैक्स में यह संशोधन थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआइ) से जुड़े संशोधित टोल निर्धारण ढांचे के तहत किया गया है। पिछले वर्ष कुछ जगह शुल्क कम किया गया था, जिसे संशोधित व्यवस्था के अनुसार बहाल किया गया है। क्षेत्र के 50 से अधिक टोल प्लाजा पर नई दरें अधिसूचित की गई हैं।

