चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में पटियाला केंद्रीय जेल में बंद बलवंत सिंह राजोआना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपनी लंबित दया याचिका पर जल्द से जल्द अंतिम फैसला लेने की मांग की है। पत्र में लिखा है कि जिस अपील को देश के राष्ट्रपति ने मंज़ूर कर लिया था और जिसे केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया था और उनकी फाँसी पर रोक लगा दी गई थी, उस अपी पर 15 साल बाद भी कोई फ़ैसला क्यों नहीं हो पाया है? उन्होंने बताया कि उन्हें जेल में 31 वर्ष हो चुके हैं और वह लगभग 20 वर्षों से मौत की सजा की कोठरी (फांसी की चक्की) में बंद है।

राजोआना ने 2023 में सुप्रीम कोर्ट में सरकार द्वारा दिए गए उस हलफनामे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि इस मामले में फैसला लेने से देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब वह सरकार की हिरासत में हैं, तो उनके मामले में फैसला लेने से सुरक्षा को कोई खतरा नहीं हो सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की है कि उनकी दया याचिका पर बिना किसी देरी के कोई भी फैसला (चाहे वह जो भी हो) जल्द लिया जाए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कई बार केंद्र सरकार को फ़ैसला लेने का आदेश दिया है, फिर भी फ़ैसला क्यों नहीं लिया जा रहा है?


