पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट के हैंडलर्स से जुड़े तार
अमृतसर : देहात पुलिस ने आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सराय अमानत खान के रहने वाले 28 साल के नवजोत सिंह उर्फ चीमा के रूप में हुई है।
इस मामले मे जानकारी देते हुए बॉर्डर रेंज के IG गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि SSP रूरल कमलप्रीत सिंह चहल के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने ड्रोन के ज़रिए भारतीय इलाके में भेजे गए हथियारों की एक खेप बरामद की है। जिसमे AK-47 राइफल, दो हैंड ग्रेनेड और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर है और पहले भी ड्रग्स से जुड़ी एक्टिविटी में शामिल रहा है। जांच में पता चला है कि उसे AK-47 राइफल और हैंड ग्रेनेड संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। पूछताछ में पुलिस को इस मॉड्यूल से जुड़े पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट के हैंडलर्स के बारे में भी अहम जानकारी मिली है।
आरोपी हथियारों को पास के दूसरे जिले में ले जाकर अपने कॉन्टैक्ट को सौंपने वाले थे और इसके बाद एक बड़ी घटना को अंजाम देने का प्लान था। पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई की वजह से यह प्लान फेल हो गया।
