लुधियानाः हलका साहनेवाल के अधीन आते गांव बूथगढ़ में नशे के खिलाफ निहंग सिंहों और स्थानीय लोगों का भारी गुस्सा देखने को मिला है। गांव के गुरुद्वारे के सामने निहंग सिखों ने दो युवकों को हेरोइन के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। जिसके बाद दोनों आरोपियों को जमीन पर लिटाकर उनसे नाक रगड़वाई गई, जिसका वीडियो सामने आया है।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पकड़े गए दो आरोपियों में से एक सरदार है और दूसरा मोना (कटे हुए बाल वाला) है। भीड़ और निहंग सिंह ने दोनों को गुरुद्वारे के बाहर घेरा हुआ है। सजा के तौर पर दोनों को जमीन पर लेटकर नाक रगड़ने और उठक-बैठक करने को कहा गया। जब मोने युवक ने सजा पूरी करने में आनाकानी की और रुकने लगा तो पीछे खड़े एक निहंग सिख ने उसे डंडे से पीटा और जबरन सड़क पर नाक रगड़वाई।
इस मौके पर कांग्रेसी सरपंच ताजपरविंदर सोनू भी मौजूद रहे। उन्होंने इकट्ठा हुए लोगों और कैमरे के सामने अपनी बात रखी और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने निहंग जत्थेबंदियों का धन्यवाद करते बताया कि आज इन आरोपियों को 100 ग्राम नशे और सिरिंज के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है। इन आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। सरपंच ने कहा कि नशे के कारण गांव में लूटपाट और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं और नशेड़ी अपनी माताओं के गहने तक बेच रहे हैं।
