लुधियानाः वेरका मिल्क प्लांट की लाइटों के पास 3 गाड़ियों के बीच टक्कर के बाद विवाद हो गया। ऐसे में विवाद इतना बढ़ गया कि i20 कार सवार 5 युवकों ने दूसरी गाड़ी में परिवार के साथ जा रहे व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली व्यक्ति के पेट में आर-पार हो गई। घायल की पहचान 37 वर्षीय शरद के रूप में हुई है, जो शहर में क्लाउड किचन चलाता हैं। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, वेरका मिल्क प्लांट की लाइटों के पास तीन कारों की आपस में हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहन चालकों के बीच बहस शुरू हो गई।
वारदात के वक्त शरद अपनी हुंडई वेन्यू कार में पत्नी और बुजुर्ग मां के साथ घर लौट रहे थे। आरोप है कि i20 कार में 5 युवक सवार थे और सभी ने शराब पी रखी थी। बहस देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई और नशे में धुत युवकों ने शरद व उनके परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। विवाद के दौरान ही i20 सवार युवकों ने हथियार निकाल लिया और शरद पर फायर कर दिया। एक गोली सीधे शरद के पेट में लगी और आर-पार हो गई। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। गोली लगने के तुरंत बाद परिजन और राहगीर शरद को लेकर डीएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
आरोपी सबूत मिटाने के इरादे से शरद का मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए। अब पुलिस की विशेष टीमें वेरका चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गाड़ी से उतरते ही नशे में धुत युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। कार में उस समय पत्नी और मां के बैठे होने के बावजूद हमलावर गाली-गलौज करने लगे। जब शरद ने इसका विरोध किया, तो पांचों युवक उन पर हावी होने लगे और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देने लगे। देर रात पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर थाना सराभा नगर में दर्ज कर दी है। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए की तलाश तेज कर दी है।

