लुधियानाः त्योहारों के मौसम में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम लुधियाना द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने सब्जी मंडी लुधियाना में अचानक छापेमारी करते 150 किलो पनीर बरामद किया। इस दौरान मिली जानकारी के आधार पर टीम ने आगे कार्रवाई करते शहर में सप्लाई देने आए एक व्यक्ति से 500 किलो पनीर और बरामद किया। यह पनीर कथित तौर पर हरियाणा के नरवाना से लाया गया था। इस प्रकार कुल 650 किलो पनीर बरामद किया गया।
दोनों खेपों से जांच के लिए सैंपल लिए और शेष पनीर को निर्धारित नियमों के अनुसार नष्ट कर दिया गया। सैंपलों की प्रयोगशाला रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। रिपोर्ट के परिणामों और लागू खाद्य सुरक्षा नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते सिविल सर्जन डॉ. रमणदीप कौर ने कहा कि त्योहारों के मौसम में दूध से बने उत्पादों और मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल भरोसेमंद दुकानों से ही खाद्य पदार्थ खरीदें और उनकी गुणवत्ता के प्रति सजग रहें।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला के नेतृत्व में की गई। टीम द्वारा पहले सब्जी मंडी में छापेमारी की और फिर मिली जानकारी के आधार पर शहर में सप्लाई देने आए व्यक्ति से पनीर की दूसरी खेप बरामद की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की जांच और निगरानी अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने दूध उत्पादों के सप्लायरों, दुकानदारों, मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों से अपील की कि वे स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करें। इसके साथ ही लोगों से भी अपील की गई कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी संदेह हो तो वे संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
