अमृतसरः गुरु नानक देव अस्पताल के डॉक्टर से संबंधित सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां अस्पताल में देर रात कार सवार डॉक्टर की साईकल से टक्कर हो गई। इस घटना में अस्पताल में खाना बनाने का काम करने वाला साईकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक डॉक्टर एक पार्टी के बाद देर रात अस्पताल वापस आ रहा था। इस दौरान अस्पताल में काम करने वाला युवक साइकिल पर अपने घर जा रहा था।
रास्ते में कार और साइकिल की टक्कर हो गई, जिसके कारण साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मीडिया से बात करते हुए घायल के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाए कि कार चालक डॉक्टर नशे की हालत में था।
परिवार का कहना है कि हादसे के बाद डॉक्टर ने घटना स्थल से भागने का प्रयास भी किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि देर रात हादसे की सूचना मिलने के बाद वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान सामने आया कि कार चला रहा युवक डॉक्टर की फाइनल ईयर की पढ़ाई पूरी कर चुका था और उसका आखिरी दिन था। पुलिस के मुताबिक, युवक का मेडिकल करवाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
