पंजाब,(मोगा): पंजाब में जहां 15 अक्टूबर को पंचायत चुनाव होने वाले है। वहीं इन चुनावों को लेकर उम्मीदवारों ने गांवों में बैठकें करनी शुरू कर दी हैं और कई गांवों में पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी भी जा चुकी है। लेकिन दूसरी ओर कई गांवों में चुनाव तनावपूर्ण स्थिति देखी जा रही है और जीत की ओर बढ़ रहे उम्मीदवारों पर दबाव बनाने के लिए विपक्षी दलों के घरों पर फायरिंग की जा रही है। जिसका उदाहरण देर रात धर्मकोट के गांव मुंडी जमाल में देखने को मिला। मुंडी जमालपुर में अकाली दल के सरपंची चुनाव के उम्मीदवार के घर के बाहर देर रात अज्ञात लोगों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना है।

उम्मीदवार के परिजन दूसरी पार्टी पर आरोप लगा रहे है। सरपंची प्रत्याशी गुरभेज सिंह के चाचा तरसेम सिंह ने बताया कि देर रात उनके घर के बाहर अज्ञात लोगों ने गोलियां चला दीं। जब वह बाहर आए तो गोलियां चलाने वाले भाग गए। तरसेम सिंह ने बताया कि हम सरपंची के चुनाव में खड़े हुए, जिसके कारण दूसरी पार्टी के लोगों ने हम पर गोली चलवाई हैं। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता राजविंदर सिंह ने बताया कि हम समुदाय के साथ चुनाव कराना चाहते हैं, लेकिन सत्ताधारी पार्टी को हार का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी धर्मकोट रमन कुमार ने बताया कि पुलिस को देर रात तरसेम सिंह, पूर्व सरपंच मुंडी जमाल से शिकायत मिली कि उनके गेट पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलियां चलाई गई हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
