हाथरसः उत्तर प्रदेश में हाथरस के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के चामड़ गेट चौराहे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, हेलमेट न होने पर युवक को ट्रैफिक पुलिस कर्मी द्वारा रोका जाता है और चालान काटने की बात कही जाती है। वहीं वीडियो में वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस और एक युवक के बीच पैसों को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। दरअसल, वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस बातचीत को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
View this post on Instagram
वीडियो में कथित तौर पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी युवक से 8 हजार रुपये के चालान की बात करता है। इसके बाद 500 रुपये देने की बात कही जाती है। हालांकि, वीडियो के आधार पर यह साफ नहीं है कि 500 रुपए चालान की रकम के तौर पर मांगे जा रहे थे या बातचीत का कोई और संदर्भ था। मामले की असलियत जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।
दरअसल, युवक कहता है कि उसे 500 रुपये पिता से मिले हैं, जिसके बाद पुलिसकर्मी 500 रुपये देने की बात करता है। चैकिंग के दौरान वीडियो वायरल होने पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी मोहन सिंह विवादों में घिर गए। दरअसल, मामला सामने आने के बाद अब इसकी जांच की बात कही गई है। इस मामले को लेकर सीओ ट्रैफिक दुष्यंत सिंह ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगा।