चंडीगढ़: पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा को सकारात्मक दिशा देने के लिए एक बड़ी पहल के तहत आज राज्य के सभी 23 जिलों के 19,200 सरकारी स्कूलों में आयोजित मेगा पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) में लगभग 21 लाख अभिभावकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, क्षमताओं और सुधार की आवश्यकता वाले अन्य क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों की रिकॉर्ड भागीदारी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ के तहत किए जा रहे शैक्षणिक सुधारों के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाया है।

मेगा पीटीएम का विवरण साझा करते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री स हरजोत सिंह बैंस ने सरकारी स्कूलों में विश्वास जताने और बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने के लिए अभिभावकों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बधाई दी।
उन्होंने बताया कि ‘हर दिन, एक कदम आगे’ थीम के तहत आयोजित इस पीटीएम में लगभग 21 लाख अभिभावकों ने भाग लिया, जो शिक्षा के क्षेत्र में परिवारों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। इस बैठक की व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कार्यवाही का निरीक्षण करने के लिए विभागीय अधिकारियों ने लगभग 2,000 स्कूलों का दौरा भी किया।

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि रिपोर्ट कार्ड और परीक्षा के अंकों से आगे बढ़कर मेगा पीटीएम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच साझेदारी को मजबूत करना है, ताकि प्रत्येक बच्चे को समय पर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग मिल सके। इस दौरान प्रत्येक बच्चे की समग्र शिक्षा और व्यक्तिगत आवश्यकताओं पर केंद्रित सार्थक विचार-विमर्श भी किया गया।
