फुजैराहः संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां भारी ट्रक के अनियंत्रित होने से 23 वाहन आपस में टकरा गए। यह घटना फुजैराह अमीरात के एंट्री गेट के पास एक सड़क पर हुई। इस भीषण दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। हादसे में भारतीय नागरिक भी मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के कई वाहनों में फैल गई और कई कारें इसकी चपेट में आ गईं। UAE के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
UAE के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि हादसा आधी रात से कुछ समय पहले फुजैराह के प्रवेश द्वार के पास शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलटकर धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रैफिक में खड़े कई वाहनों से जा भिड़ा।
इस टक्कर की वजह से हादसे के दौरान ट्रक में आग लग गई और यह आग कई अन्य वाहनों तक फैल गई, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ। पुलिस, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमों समेत इमरजेंसी सर्विस तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों में से आधे लोगों को इलाज के बाद हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी लोगों का इलाज अभी भी चल रहा है। दुबई के गृह मंत्रालय के मुताबिक, मारे गए लोगों की पहचान करने के लिए DNA टेस्ट किए गए हैं। वहीं, दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जानकारी दी कि मृतकों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वाणिज्य दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों से बात की। भारतीय वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद व सहयोग देने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, घायलों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे। इससे पहले, मई में UAE पर ईरान के हमले में 3 भारतीय घायल हो गए थे। PM मोदी ने इस घटना की निंदा की थी।
