नई दिल्ली: छावला थाना क्षेत्र के अंतर्गत द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का इंजन उखड़ गया और कार में में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक को बचने का मौका नहीं मिल सका। दरअसल, टक्कर के बाद कार में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। कार में फंसे चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
इस दुर्घटना में कार चला रहे 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अभिनव सिंह के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-42 में रहता था और हादसे के वक्त लुधियाना से गुरुग्राम लौट रहा था। यह दुर्घटना शिव मूर्ति इंटरचेंज के पास उस मोड़ पर हुई जहां सुरंग राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से जुड़ती है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिनव अपनी मॉडिफाइड फॉक्सवैगन वर्टस कार चला रहा था। सुरंग के भीतर वाहनों की अधिकतम निर्धारित गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में अभिनव की कार किसी रॉकेट की तरह करीब 200 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ती हुई दिखाई दी।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है कि दुर्घटना से कुछ ही क्षण पहले अभिनव ने कार के स्पीडोमीटर की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए थे और उन्हें स्नैपचैट के जरिए अपने दोस्तों को भेजा था। दिल्ली पुलिस अब तकनीकी साक्ष्य के तौर पर उन वीडियो और तस्वीरों को रिकवर करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। अभिनव की मां बिहार में एक शिक्षिका हैं, जिन्हें इस हादसे की सूचना दे दी गई है।
