धर्म: पाकिस्तान के कराची शहर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बहुत ही श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक जगह जुटे और भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ को रस्सियों की मदद से खींचा है। पूरे रास्ते इस दौरान जय जगन्नाथ और हरे कृष्ण के जयकारे गूंजते रहे। इस धार्मिक आयोजन का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फूलों से सजा भगवान का रथ
View this post on Instagram
रथ यात्रा शुरु होने से पहले मंदिर में खास विशेष पूजा अर्चना की गई है। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को सजाया गया। फूलों से सजी प्रतिमाएं भव्य रथ पर विराजमान की गई। वहीं रथ को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। जैसे ही यात्रा शुरु हुई वैसे ही श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथ को खींचते हुए आगे बढ़ने लगे। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया है। महिलाएं पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी भगवान के जयकारे लगाते हुए रथ के साथ चलते नजर आए। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई दिए। ढोल नगाड़ों की आवाज और भक्ति गीतों के बीच में लोगों का खास उत्साह भी देखने को मिला।
सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम
रथ यात्रा को देखने के लिए कराची की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं। कई लोगों ने अपने मोबाइल के जरिए आयोजन की वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड की। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनका उत्साह साफ देखा जा सकता है। वीडियो को लोग काफी शेयर भी कर रहे हैं। इतने बड़े धार्मिक आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि इस कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो पाए। आयोजकों से भी व्यवस्था बनाए रखने में खास भूमिका निभाई है।
हर साल पाकिस्तान में निकाली जाती है रथयात्रा
पाकिस्तान में रहने वाला हिंदू समुदाय हर साल भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का आयोजन करता है। यह उनके प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। इस मौके पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्र होकर भगवान की पूजा करते हैं। इसके साथ ही रथ यात्रा में शामिल होते हैं। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का भी प्रतीक माना जाता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर की तारीफें
कराची की इस रथ यात्रा का वीडियो जैसे सोशल मीडिया पर सामने आया है कई यूजर्स इसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि – ‘बॉर्डर लाइन डिवाइड करती है तो भगवान जगन्नाथ एक साथ मिला देते हैं’।

अन्य ने कहा कि – ‘हिंदू कभी गद्दार नहीं होता वो अपने देश से बहुत प्यार करते हैं चाहे वो भारत के हिंदू हो या पाकिस्तान के’।

एक ने कहा कि – ‘हम सब भाई लोग हैं एक साथ रहना बनता है’।

