बदायूंः उतर प्रदेश के बदायूं में लाइंस कोतवाली क्षेत्र में स्थित डॉ. विनोद कुमार के न्यू जीवनदान अस्पताल में घुसे चोर ने सुरक्षा की पोल खोल दी। दरअसल, बेखौफ चोर ने अस्पताल में मौजूद सभी मरीजों के मोबाइल चुरा लिए और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मिली जानकारी के अनुसार चोर ने अस्पताल में सो रहे 3 मरीजों को फोन चुरा लिए। इस घटना को लेकर लोगों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में चोर अपने चेहरे पर तौलिया लपेटे हुए वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। चोरी का पता चलने पर मरीजों और स्टाफ ने चोर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मोबाइल फेंककर फरार हो गया। घटना का पूरा घटनाक्रम वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीओ सिटी राहुल पाण्डेय ने बताया कि शातिर की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
