रुद्रप्रयागः उतराखंड में रुद्रप्रयाग के तरसाली-फाटा रोड पर दर्दनाक हादसा हो गया। जहां ट्रक (डंपर) के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। फाटा एवं बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप देर रात ट्रक (डंपर) गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने देखा लोग 100 मीटर गहरी खाई में फंसे हुए है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्हें कॉलर द्वारा सूचना दी गई कि वाहन संख्या यूके13सीए0826 का डम्पर तरसाली के पास गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इस हादसे में डंपर सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संजय राणा (45) और मोहन के रूप में हुई है।
रात का अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था। राहत एवं बचाव दलों ने संयुक्त अभियान चलाकर ‘रोप रेस्क्यू’ (रस्सी के सहारे) तकनीक की मदद ली। रस्सी के सहारे खाई में उतरकर जवान दुर्घटनाग्रस्त डंपर तक पहुंचे। टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच संजय राणा (45) का शव बरामद कर खाई से सड़क तक पहुंचाया। वहीं, दूसरे मृतक मोहन के शव का स्थान रेस्क्यू टीम द्वारा चिन्हित कर लिया गया था, जिसे बाहर निकालने की वैधानिक कार्रवाई देर रात तक जारी रही। रेस्क्यू टीमों द्वारा शवों को खाई से बाहर निकालने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत और तकनीकी जांच की जा रही है कि डंपर अनियंत्रित होकर खाई में कैसे गिरा।
