चंडीगढ़: जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के विद्यार्थियों के लिए जर्मनी में रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। जर्मनी की कंपनी कोटिंग कॉन्सेप्ट ने विश्वविद्यालय से लगभग 180 कुशल तकनीशियनों एवं औद्योगिक कोटिंग विशेषज्ञों की भर्ती करने की इच्छा व्यक्त की है। इस संबंध में जर्मनी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय का दौरा किया और कौशल प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया। भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2027 में शुरू होगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को जर्मनी जाने से पहले ए2 स्तर का जर्मन भाषा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में कोटिंग कॉन्सेप्टस की प्रबंध निदेशक जनीना राडो विक, लॉजिस्टिक्स एवं वर्क प्रिपरेशन विभाग के प्रमुख एंड्रियास फालर, प्रोडक्शन मैनेजर डेविड फ्रैंक तथा प्रोडक्शन मैनेजर सर्जियस स्टीनमार्क शामिल रहे। इस दौरे का समन्वय इंटरनेशनल टैलेंट सॉल्यूशंस के सीईओ अल्बर्ट बाकर, और इंडो यूरो सिंक्रोनाइजेशन ग्रुप के अध्यक्ष राज वंगापांडु तथा निदेशक राजीव गुलाटी ने किया।
विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक का समन्वय डीन, इंस्टीट्यूशंस प्रो. मुनीष वशिष्ठ तथा प्रिंसिपल, कम्युनिटी कॉलेज ऑफ स्किल डेवलपमेंट प्रो. संजीव गोयल ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नरेश चौहान ने की।
कोटिंग कॉन्सेप्टस की प्रबंध निदेशक जनीना राडोविक और एंड्रियास फालर ने जर्मनी के ऑटोमोटिव एवं औद्योगिक कोटिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, कार्यस्थल के मानकों और आवश्यक तकनीकी दक्षताओं की जानकारी दी। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को भाषा प्रमाणन तथा जर्मनी में कार्य शुरू करने की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नरेश चौहान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण विभागों के अध्यक्ष एवं संकाय सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
