जालंधर, ENS: महानगर के थाना सदर के अंतर्गत आते प्रतापपुरा से बड़ी खबर सामने आई है। जहां कर्जे से परेशान होकर युवक सोशल मीडिया पर लाइव हुआ और उसने सुसाइड कर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान प्रतापपुरा निवासी सागर थापड़ के रूप में हुई है। इस दौरान सागर ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव होकर वजह भी बताई। जिसके बाद सागर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही परिजन सागर को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने सागर को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना थाना सदर की पुलिस को दे दी गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सागर की पत्नी मिनाक्षी के बयानों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। थाना सदर के एसएचओ भरत मसीह ने बताया कि आरोपी उग्गी निवासी सतनाम बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
