अमृतसरः अजंलाला फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर स्थित गांव मोहन भंडारियां में आज अफरा-तफरी मच गई, जब पटाखे बनाने वाले बरामदे में अचानक आग लग गई। आग लगने से बरामदे में रखे पटाखों में तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और इलाके में डर का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहन भंडारियां निवासी जसवंत सिंह नामक व्यक्ति लंबे समय से घर में पटाखे बनाने का काम कर रहा था और आज अचानक पटाखे बनाने वाली जगह में आग लग गई।
आग लगने के समय उस जगह पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की वजह से बरामदे की चार गढ़रियों वाली छत भी ध्वस्त हो गई है। जसवंत सिंह ने बताया कि उसका ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। जब उससे पटाखे बनाने के लिए प्रशासन से अनुमति या लाइसेंस लेने के संबंध में पूछा गया तो उसने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
आग लगने की सूचना मिलने पर अजंलाला से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही गांववासियों ने आग पर काबू पा लिया था। वहीं डीएसपी अजंलाला गुरदीप सिंह संधू से बातचीत में उन्होंने कहा कि आग लगने की घटना की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उस व्यक्ति ने अपने घर के पास बरामदे में पटाखे बनाने के लिए कोई लाइसेंस लिया था या नहीं।

