ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा के स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्षों की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए एम.ए. (हिंदी), एम.ए. (अंग्रेज़ी), एम.कॉम एवं पीजीडीसीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 6 जुलाई से 21 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रथम सेमेस्टर की काउंसलिंग 22 एवं 23 जुलाई को आयोजित की जाएगी, जबकि प्रथम मेरिट सूची 24 जुलाई को दोपहर 2:00 बजे प्रदर्शित की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को 25 से 27 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा। इसके उपरांत रिक्त सीटों के लिए द्वितीय मेरिट सूची 28 जुलाई, 2026 को दोपहर 2:00 बजे जारी की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला-5 द्वारा आयोजित पी.जी. प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों को प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के दौरान प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने तथा काउंसलिंग के समय सभी मूल प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाने का आग्रह किया है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी महाविद्यालय कार्यालय एवं महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।

