जालंधर, ENS: फिल्लौर राष्ट्रीय राजमार्ग के रामगढ़ बाईपास के पास स्विफ्ट कार और टिप्पर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में युवा महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। घटना में कार के परखच्चे उड़ गए।
घायल भूपिंदर सिंह की पत्नी महिला राजविंदर कौर ने बताया कि वे डेरा बाबा नानक से लुधियाना बहू से मिलने जा रही थीं। बहू ने लुधियाना से विदेश में रहते पति (राजविंदर कौर के बेटे) के पास जाना था। लेकिन लुधियाना पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि खड़े टिप्पर से कार की टक्कर हुई है।
पुलिस ने कार और टिप्पर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स के इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने कहा कि उन्हें राहगीर से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट कार और रेत से भरे टिप्पर के बीच भीषण टक्कर हो गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नामधारी वर्कशॉप के पास स्विफ्ट कार और टिप्पर में टक्कर हुई थी। हादसे के दौरान कार में 2 महिलाएं और ड्राइवर सवार थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार ड्राइवर को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ बताया जा रहा है। इस भीषण हादसे में कार सवार 27 वर्षीय सिंमरजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। राजविंदर कौर घायल हो गई। दोनों डेरा बाबा नानक गुरदासपुर से आ रहे थे और लुधियाना की ओर जा रहे थे। मृतक के शव को प्राइवेट एम्बुलेंस के माध्यम से फिल्लौर के सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवाया गया। वहीं घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
