ड्रोन और सोशल मीडिया के माध्यम से हो रही थी तस्करी
अमृतसरः कमिशनरेट पुलिस ने सीमा पार और मध्य प्रदेश स्थित गैरकानूनी हथियार सप्लाई करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 पिस्टल (एक PX5 .30 बोर, तीन .32 बोर और दो .30 बोर) तथा 7 कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश से गैरकानूनी हथियार प्राप्त करते थे और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान-आधारित तस्करों से संपर्क में थे।
यह गिरोह ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार मंगवाकर पंजाब के माजहा और दुआबा क्षेत्रों में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय दीपा उर्फ दीपू, 26 वर्षीय अरुण कुमार उर्फ साबू निवासी अमृतसर और 29 वर्षीय सुखजिंदर उर्फ सुखा दोआबा क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। 2 आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन सिविल लाइंस, अमृतसर में FIR दर्ज कर अगली और पिछली कड़ियाँ खंगाली जा रही हैं। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई जारी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की ज़ीरो-टॉलरेंस नीति के तहत की गई है और इससे कई संभावित अपराधों को रोका जा सका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को छोटे लालच देकर अपराध की ओर ढकेला जा रहा है, इसलिए सावधान रहने की आवश्यकता है।
