जालंधर, ENS: मॉडल हाउस में देर रात जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, आईसक्रीम खाने के लिए परिवार घर से निकला था। इस दौरान वह पार्लर आईसक्रीम के बाहर पहुंचे तो पुलिस द्वारा ऑनलाइन चालान काट दिया गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हंगामा शुरू हो गया। मामले की जानकारी देते हुए कार चालक चरणजीत सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ पार्लर आईसक्रीम में आईसक्रीम खाने आया था। इस दौरान अभी उसने आईसक्रीम भी नहीं खरीदी और वह गाड़ी में ही बैठे हुए थे। इस दौरान जब पुलिस कर्मियों की गाड़ी उनके पास तक पहुंची तो उन्होंने गाड़ी पहले से आईसक्रीम की दुकान के बाहर से हटा ली थी। पीड़ित ने कहा कि कैमरे में सारी घटना रिकार्ड है। लेकिन उसके बाद भी फोटो खींच कर पुलिस द्वारा चालान काट दिया गया।
चालान काटने के दौरान खींची गई तस्वीर में भी देखा जा सकता है कि उनकी गाड़ी चल रही थी और चलती गाड़ी का चालान काट दिया गया। जिसके बाद पुलिस कर्मी से बात की गई तो पुलिस कर्मी सीनियर अफसरों के पास जाने के लिए कहने लगा। पीड़ित का कहना है कि पुलिस कर्मी द्वारा जान बूझकर चालान काटा गया। जिसके बाद पुलिस कर्मी मौके से निकल गया। वहीं अन्य व्यक्ति ने कहा कि वह चरणजीत सिंह मक्कड़ वार्ड नंबर 50 से चुनाव लड़ चुका है और वह पुलिस कर्मी से बात करने पहुंचा तो उन्हें धक्का देकर पुलिस कर्मी मौके से चला गया और उसकी एक बात नहीं सुनी। वहीं कार चालक ने कहा कि उसे गाड़ी से खींच कर पुलिस कर्मी द्वारा बाहर निकलने के लिए कहा गया। वहीं लड़की के साथ पुलिस कर्मी द्वारा गलत व्यवहार करने के आरोप लगे है।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को आईसक्रीम की दुकान के बाहर पार्किंग को लेकर हिदायतें जारी करनी चाहिए। वहीं उन्होंने दुकान वालों को पार्किंग की सुविधा देनी चाहिए और ऐसे में पुलिस कर्मियों को पहले बिना पार्किंग वाले दुकानवालों के चालान काटने चाहिए, लेकिन ऐसे राहगीरों के चालान काटकर उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए। घटना के दौरान सड़क पर कोई ट्रैफिक भी नहीं था। परिवार ने कहाकि वह उच्च अधिकारियों के समक्ष मुद्दे को उठाएंगे। एएसआई तिलकराम ने बताया कि अवैध पार्किंग को लेकर उनके द्वारा ऑनलाइन चालान काटा गया। पुलिस कर्मी ने कहा कि सड़क के बीचों-बीच गाड़ी थी। इस दौरान जब वह मौके पर चालान काटने के लिए पहुंचे तो कार चालक गाड़ी को आगे ले जाने लगा। जिसके बाद उसका ऑनलाइन चालान काटा गया। वहीं लड़की के साथ गलत व्यवहार करने के आरोपों को बेबुनियाद बताया।
