अमृतसरः अमृतसर के 88 फीट रोड इलाके में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के मुताबिक सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला नाम के युवक पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया, जिसमें उसे गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सिमरनजीत सिंह अपनी स्विफ्ट कार की ओर जा रहा है। इसी दौरान दो युवक उसका पीछा करते आते हैं और उस पर फायरिंग कर देते हैं। गोली लगने से वह घायल हो जाता है, जबकि हमलावर मौके से फरार हो जाते है। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के बाद इलाके में डर और घबराहट का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज व अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अमृतसर के सदर पुलिस स्टेशन के एसएचओ किरणदीप सिंह ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को हुई और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस फायरिंग के कारणों की भी जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।
