जालंधर, ENS: नेशनल हाईवे पर मुख्य चौक के पुल के ऊपर CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक और रेत से लदे टिप्पर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि CNG सिलेंडरों से भरे ट्रक का चालक केबिन के अंदर फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे लहूलुहान चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नज़र बनाए हुए हैं।
दरअसल,CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक होने के कारण मौके पर कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड करवाकर बहाल कराया।
वहीं रेत से भरे टिप्पर के चालक संदीप ने बताया कि CNG सिलेंडरों से भरा ट्रक पीछे से आकर उसके टिप्पर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टिप्पर का एक टायर पंचर हो गया, जबकि CNG ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं।