जालंधर, ENS: बस्ती इलाके के ग्रीन वैली क्षेत्र में 2 दिन से लापता एक युवक का शव बरामद हुआ । मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर मामले को दबाने, तथ्यों को छिपाने और समय पर सूचना न देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, जनक राज नामक युवक पिछले 2 दिन से अपने घर से लापता था। परिवार वाले लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पुलिस को एक अज्ञात युवक का शव मिला है।
जब परिजन सिविल अस्पताल और थाने पहुंचे, तो पहले उन्हें गुमराह किया गया और कहा गया कि इस नाम का कोई व्यक्ति वहां नहीं है। काफी मशक्कत और रात करीब 2 बजे थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें तस्वीरें दिखाईं, जिससे परिवार ने अपने बेटे की पहचान की। मृतक के पिता और परिजनों का कहना है कि पुलिस को युवक की जेब से पहचान पत्र मिला था। जिससे उसका नाम और पता आसानी से मालूम हो सकता था। इसके बावजूद पुलिस ने परिवार को सूचित नहीं किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को गोलमोल कर रही है और असल सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत नशे के कारण हुई है। जबकि दूसरा युवक वहां बेहोश पड़ा था। परिवार का कहना है कि पुलिस ने जो तस्वीरें दिखाई हैं, उनमें युवक एक बिल्कुल साफ-सुथरे बिस्तर पर आराम से लेटा हुआ दिख रहा है, जिसकी एक भी सिलवट खराब नहीं है। परिजनों का सवाल है कि यदि वहां नशा किया जा रहा था, तो बिस्तर इतना साफ कैसे रह सकता है और सीरिंज की तस्वीरें क्यों नहीं दिखाई जा रही हैं। परिजनों ने स्वीकार किया कि उनका बेटा नशा छोड़ने के लिए सिविल अस्पताल से दवाई (गोली) ले रहा था, जहां उसका पूरा रिकॉर्ड दर्ज है। परिवार ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

