जालंधर, ENS: जिले के पॉश इलाके शक्ति नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति का ई-रिक्शा पर शव बरामद हुआ है। इस घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना थाना 4 की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा कई लोगों से मृतक को लेकर पूछताछ की गई।
वहीं पुलिस द्वारा रिक्शा चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने कहा कि वह खुद घटना स्थल पर पहुंचे और पता चला की व्यक्ति की मौत हो चुकी है और मृतक बुजुर्ग है। दूसरी ओर पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और एम्बुलेंस के जरिए उक्त व्यक्ति सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसकी स्थिति की जांच की जा रही है।
शुरुआती बातचीत में यह बात सामने आई है कि व्यक्ति दूसरे राज्य का है। वह जिस रिक्शे पर मिला, उस रिक्शा चालक को भी पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। पुलिस रिक्शा चालक से थाने ले जाकर गहन पूछताछ कर रही है कि बुजुर्ग व्यक्ति कहां से आया था और किस हालत में था। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। कैमरों की जांच और अस्पताल से आने वाली मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस का इस मामले में जांच जारी है।
